PM नरेंद्र मोदी ने 4 महीने बाद की मन की बात, इन मुद्दों को लेकर की चर्चा

PM Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात‘ कार्यक्रम के 110वें एपिसोड को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं देशवासियों को धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने हमारे संविधान और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं पर अपना अटूट विश्वास दोहराया है। 2024 का चुनाव, दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव था। दुनिया के किसी भी देश में इतना बड़ा चुनाव कभी नहीं हुआ। मैं चुनाव आयोग और मतदान की प्रकिया से जुड़े हर व्यक्ति को इसके लिए बधाई देता हूं।

यह भी पढ़ें:- रोहित शर्मा और विराट कोहली के T-20 से रिटायरमेंट पर जानिए किसने क्या कहा…?

PM मोदी ने कहा कि आज 30 जून का ये दिन बहुत ही महत्वपूर्ण है। इस दिन को हमारे आदिवासी भाई-बहन ‘हूल दिवस’ के रूप में मनाते हैं। यह दिन वीर सिद्धो-कान्हू के अदम्य साहस से जुड़ा है, जिन्होंने विदेशी शासकों के अत्याचार का पुरजोर विरोध किया था। वीर सिद्धो-कान्हू ने हजारों संथाली साथियों को एकजुट करके अंग्रेजों का जी-जान से मुकाबला किया, और जानते हैं ये कब हुआ था? ये हुआ था 1855 में यानी ये 1857 में भारत के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम से भी दो साल पहले हुआ था। तब झारखंड के संथाल परगना में हमारे आदिवासी भाई-बहनों ने विदेशी शासकों के खिलाफ हथियार उठा लिया था। (PM Mann Ki Baat)

सबसे अनमोल रिश्ता मां से होता है: PM मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं आपसे पूछूं कि दुनिया का सबसे अनमोल रिश्ता कौन सा होता है तो आप जरूर कहेंगे – “मां”। हम सबके जीवन में ‘मां’ का दर्जा सबसे ऊंचा होता है। मां हर दुख सहकर भी अपने बच्चे का पालन-पोषण करती है। हर मां अपने बच्चे पर हर स्नेह लुटाती है। जन्मदात्री मां का ये प्यार हम सब पर एक कर्ज की तरह होता है जिसे कोई चुका नहीं सकता। हम मां को कुछ दे तो सकते नहीं, लेकिन और कुछ कर सकते हैं क्या ? इसी सोच में से इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस पर एक विशेष अभियान शुरू किया गया है, इस अभियान का नाम है – ‘एक पेड़ माँ के नाम’। मैंने भी एक पेड़ अपनी मां के नाम लगाया है। (PM Mann Ki Baat)

मां के नाम पर पेड़ लगाने की अपील

PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैंने सभी देशवासियों से, दुनिया के सभी देशों के लोगों से ये अपील की है कि अपनी मां के साथ मिलकर या उनके नाम पर एक पेड़ जरूर लगाएं। मुझे ये देखकर बहुत खुशी हो रही है कि माँ की स्मृति में या उनके सम्मान में पेड़ लगाने का अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। हर कोई अपनी मां के लिए पेड़ लगा रहा है, चाहे वो अमीर हो या गरीब, चाहे वो कामकाजी महिला हो या गृहिणी। इस अभियान ने सबको मां के प्रति अपना स्नेह जताने का समान अवसर दिया है। वो अपनी तस्वीरों को #Plant4Mother और #एक_पेड़_मां_के_नाम के साथ साझा करके दूसरों को प्रेरित कर रहे हैं। (PM Mann Ki Baat)

PM मोदी ने की नारीशक्ति की तारीफ

उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ में आज मैं आपको एक खास तरह के छातों के बारे में बताना चाहता हूं। ये छाते तैयार होते हैं हमारे केरला में। वैसे तो केरला की संस्कृति में छातों का विशेष महत्व है। छाते वहां कई परंपराओं और विधि-विधान का अहम हिस्सा होते हैं। लेकिन मैं जिस छाते की बात कर रहा हूं, वो हैं ‘कार्थुम्बी छाते’ और इन्हें तैयार किया जाता है केरला के अट्टापडी में। इन रंग-बिरंगे छातों को केरला की हमारी आदिवासी बहनें तैयार करती हैं। आज देशभर में इन छातों की मांग बढ़ रही हैं। इनकी Online बिक्री भी हो रही है। इन छातों को ‘वट्टालक्की सहकारी कृषि सोसाइटी’ की देखरेख में बनाया जाता है। इस सोसाइटी का नेतृत्व हमारी नारीशक्ति के पास है। (PM Mann Ki Baat)

PM मोदी ने की खिलाड़ियों की तारीफ

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि टोक्यो में हमारे खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने हर भारतीय का दिल जीत लिया था। टोक्यो ओलंपिक के बाद से ही हमारे एथलीट पेरिस ओलंपिक की तैयारियों में जी-जान से जुटे हुए थे। सभी खिलाड़ियों को मिला दें, तो इन सबने करीब 900 अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया है। पेरिस ओलंपिक में आपको कुछ चीजें पहली बार देखने को मिलेंगी। शूटिंग में हमारे खिलाड़ियों की प्रतिभा निखरकर सामने आ रही है। टेबल टेनिस में पुरुष और महिला दोनों टीमें क्वालीफाई कर चुकी हैं। भारतीय शॉटगन टीम में हमारी शूटर बेटियां भी शामिल हैं। इस बार कुश्ती और घुड़सवारी में हमारे दल के खिलाड़ी उन श्रेणियों में भी compete करेंगे, जिनमें पहले वे कभी शामिल नहीं रहे। (PM Mann Ki Baat)

कुवैत सरकार की तारीफ

PM मोदी ने कहा कि कुवैत सरकार ने अपने राष्ट्रीय रेडियो पर एक विशेष कार्यक्रम शुरू किया है और वो भी हिन्दी में। ‘कुवैत रेडियो’ पर हर रविवार को इसका प्रसारण आधे घंटे के लिए किया जाता है। इसमें भारतीय संस्कृति के अलग-अलग रंग शामिल होते हैं। हमारी फिल्में और कला जगत से जुड़ी चर्चाएं वहां भारतीय समुदाय के बीच बहुत लोकप्रिय हैं। मुझे तो यहां तक बताया गया है कि कुवैत के स्थानीय लोग भी इसमें खूब दिलचस्पी ले रहे हैं। मैं कुवैत की सरकार और वहां के लोगों का हृदय से धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने ये शानदार पहल की है। (PM Mann Ki Baat)

भारतीय आगमन दिवस का जिक्र

प्रधानमंत्री ने कहा कि तुर्कमेनिस्तान में इस साल मई में वहां के राष्ट्रीय कवि की 300वीं जन्म-जयंती मनाई गई। इस अवसर पर तुर्कमेनिस्तान के राष्ट्रपति ने दुनिया के 24 प्रसिद्ध कवियों की प्रतिमाओं का अनावरण किया। इनमें से एक प्रतिमा गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की भी है। ये गुरुदेव का सम्मान है, भारत का सम्मान है। जून के महीने में दो कैरेबियाई देश सूरीनाम और सेंट विंसेंट एंड द ग्रेनाडाइन्स ने अपने भारतीय विरासत को पूरे जोश और उत्साह के साथ सेलिब्रेट किया। सूरीनाम में हिन्दुस्तानी समुदाय हर साल 5 जून को भारतीय आगमन दिवस और प्रवासी दिन के रूप में मनाता है। यहां तो हिन्दी के साथ ही भोजपुरी भी खूब बोली जाती है। (PM Mann Ki Baat)

योग नए-नए रिकॉर्ड बना रहा: PM मोदी

उन्होंने कहा कि सेंट विंसेंट एंड द ग्रेनाडाइन्स में रहने वाले हमारे भारतीय मूल के भाई-बहनों की संख्या भी करीब छ: हजार है। उन सबको अपनी विरासत पर बहुत गर्व है। एक जून को इन सबने भारतीय आगमन दिवस को जिस धूम-धाम से मनाया, उससे उनकी ये भावना साफ झलकती है। इस महीने पूरी दुनिया ने 10वें योग दिवस को भरपूर उत्साह और उमंग के साथ मनाया है। मैं भी जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में आयोजित योग कार्यक्रम में शामिल हुआ था। कश्मीर में युवाओं के साथ-साथ बहनों-बेटियों ने भी योग दिवस में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जैसे-जैसे योग दिवस का आयोजन आगे बढ़ रहा है, नए-नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। (PM Mann Ki Baat)

PM मोदी ने की अरकू कॉफी की तारीफ

PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत के कितने ही उत्पाद हैं, जिनकी दुनिया-भर में बहुत मांग है और जब हम भारत के किसी लोकल प्रोडक्ट को ग्लोबल होते देखते हैं, तो गर्व से भर जाना स्वाभाविक है। ऐसा ही एक प्रोडक्ट है अरकू कॉफी। अरकू कॉफी आंध्र प्रदेश के अल्लुरी सीता राम राजू जिले में बड़ी मात्रा में पैदा होती है। ये अपने समृद्ध स्वाद और सुगंध के लिए जानी जाती है। अरकू कॉफी की खेती से करीब डेढ़ लाख आदिवासी परिवार जुड़े हुए हैं। अरकू कॉफी को नई ऊंचाई देने में गिरिजन सहकारी की बहुत बड़ी भूमिका रही है। इसने यहां के किसान भाई बहनों को एक साथ लाने का काम किया और उन्हें अरकू कॉफी की खेती के लिए प्रोत्साहन दिया। इससे इन किसानों की कमाई भी बहुत बढ़ गई है। (PM Mann Ki Baat)

बर्फ मटर का किया जिक्र

उन्होंने कहा कि मुझे याद है, एक बार विशाखापत्नम में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू गारु के साथ मुझे इस कॉफी का स्वाद लेने का मौका मिला था। अरकू कॉफी को कई वैश्विक पुरस्कार मिले हैं। दिल्ली में हुई G-20 समिट में भी कॉफी छाई हुई थी।स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बनाने में हमारे जम्मू-कश्मीर के लोग भी पीछे नहीं हैं। पिछले महीने जम्मू-कश्मीर ने जो कर दिखाया है, वो देशभर के लोगों के लिए भी एक मिसाल है। यहां के पुलवामा से बर्फ मटर की पहली खेप लंदन भेजी गई। कुछ लोगों को ये आइडिया सूझा कि कश्मीर में उगने वाली विदेशी सब्जियों को क्यों ना दुनिया के नक्शे पर लाया जाए। बस फिर क्या था चकूरा गांव के अब्दुल राशीद मीर इसके लिए सबसे पहले आगे आए। उन्होंने गावं के अन्य किसानों की जमीन को एक साथ मिलाकर बर्फ मटर उगाने का काम शुरू किया और देखते ही देखते बर्फ मटर कश्मीर से लंदन तक पहुंचने लगी। (PM Mann Ki Baat)

ऑल इंडिया रेडियो को दी बधाई

PM ने कहा कि आज 30 जून को आकाशवाणी का संस्कृत बुलेटिन अपने प्रसारण के 50 साल पूरे कर रहा है। 50 सालों से लगातार इस बुलेटिन ने कितने ही लोगों को संस्कृत से जोड़े रखा है। मैं ऑल इंडिया रेडियो परिवार को बधाई देता हूं। बेंगलुरू में एक पार्क है- कब्बन पार्क। इस पार्क में यहां के लोगों ने एक नई परंपरा शुरू की है। यहां हफ्ते में एक दिन, हर रविवार बच्चे, युवा और बुजुर्ग आपस में संस्कृत में बात करते हैं। इतना ही नहीं, यहां वाद-विवाद के कई सत्र भी संस्कृत में ही आयोजित किए जाते हैं। इनकी इस पहल का नाम है- संस्कृत विकेंड। इसकी शुरुआत एक वेबसाइट के जरिए समष्टि गुब्बी जी ने की है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कुछ दिनों पहले ही शुरू हुआ ये प्रयास बेंगलुरूवासियों के बीच देखते ही देखते काफी लोकप्रिय हो गया है। अगर हम सब इस तरह के प्रयास से जुड़ें तो हमें विश्व की इतनी प्राचीन और वैज्ञानिक भाषा से बहुत कुछ सीखने को मिलेगा। (PM Mann Ki Baat)

Back to top button